दिल्ली प्रीमियर लीग: हिंदुस्तान ने दिल्ली एफसी को ड्रा पर रोका

फुटबॉल दिल्ली महिला लीग में रेंजर्स स्पोर्टस क्लब ने जगुआर एफसी को 14-0 से रौंदा

रेंजर्स स्पोर्ट्स की जीत में दिनाक्षी की दोहरी तिकड़ी, बनीं प्लेयर ऑफ द मैच

पुरुषों की लीग में ड्रा रहे रोमांच मुकाबले में हिंदुस्तान क्लब के गोलकीपर सपम सिंह का दर्शनीय प्रदर्शन

गोलकीपर समप को मिला प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड

संवाददाता

प्लेयर ऑफ द मैच दिनाक्षी की दोहरी तिकड़ी की मदद से रेंजर्स स्पोर्टस क्लब ने जगुआर एफसी को 14-0 से रौंदकर खेलो इंडिया फुटबॉल दिल्ली महिला प्रीमियर लीग में अभियान शुरू किया। दिनाक्षी को पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी डॉक्टर विनीता बलूनी ने पुरस्कृत किया।

   डॉ. अंबेडकर स्टेडियम पर खेले गए पुरुषों के दिल्ली प्रीमियर लीग के रोमांच मैच में  हिंदुस्तान क्लब ने अपने गोली प्लेयर ऑफ़ द मैच सपम सिंह के दर्शनीय प्रदर्शन से लीग चैंपियन दिल्ली एफसी को 1-1 की बराबरी पर रोक कर अंक बांट लिए। चंद्रा तमांग ने हिंदुस्तान को बढ़त दिलाने वाला गोल किया। जगमीत सिंह ने दिल्ली एफसी को बराबरी दिलाई। लेकिन हिंदुस्तान के गोलकीपर सपम सिंह ने कई सुन्दर बचाव कर वाह-वाह लूटी।

 

  आज के नतीजे से दिल्ली की चैंपियन दिल्ली एफसी शीर्ष से नीचे उतरती दिखाई पड़ती है। उसे भारतीय वायुसेना, सुदेवा, वाटिका और गढ़वाल करीब से चुनौती दे रहे हैं। हिन्दुस्तान हालांकि अंक तालिका में पीछे है लेकिन आज के प्रदर्शन जे उसके हौंसले जरूर बढ़े होंगे।

   महिला लीग में रेंजर्स के सामने जगुआर   ने मेमनों जैसा प्रदर्शन किया। नतीजन गोलों की झड़ी लग गई। दिनाक्षी के छह गोलों के अलावा आरती ने दो और फ्रूटी, खुशबू, रचना, बाली देवी और मनीषा कुमारी ने एक-एक गोल किए।

   डॉ. अंबेडकर स्टेडियम पर शनिवार को वाटिका को फ्रेंड्स यूनाइटेड से और गढ़वाल को उत्तराखंड से खेलना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *