महिला हॉकी के लिए सब दरवाजे बंद

  • हॉकी इंडिया के बड़े और कुछ चाटुकार मीडियाकर्मी टोक्यो ओलम्पिक में चौथा स्थान पाने वाली भारतीय महिला टीम, उसकी खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन को सातवें आसमान पर उछाल रहे थे लेकिन दूध का दूध हो गया है
  • रांची में हॉकी प्रेमियों का दिल तोड़ने वाले प्रदर्शन के बाद अब महिला टीम ने भुवनेश्वर एफआईएच प्रो-लीग में भी खराब प्रदर्शन का सिलसिला बरकरार रखा है, जहां वो क्रमश: नीदरलैंड, चीन और ऑस्ट्रेलिया से हार गई
  • हॉकी जानकारों के अनुसार कप्तान व गोलकीपर सविता पूनिया पर उम्र भारी पड़ रही है, वैसे भी ज्यादातर लड़कियों के लिए खेल बोझ लगने लगा है क्योंकि उम्र की धोखाधड़ी आम है
  • लाख-करोड़ रुपये बहाने के बाद भी एशियाड और ओलम्पिक क्वालीफायर नहीं जीत पाए इसलिए कुल मिलाकर भारतीय हॉकी के लगभग सभी दरवाजे बंद हो चुके हैं

राजेंद्र सजवान

ज्यादा वक्त नहीं बीता है, जब भारतीय महिला हॉकी टीम की तारीफों के पुल बांधे जा रहे थे। हॉकी इंडिया के बड़े और कुछ चाटुकार मीडियाकर्मी टोक्यो ओलम्पिक में चौथा स्थान पाने वाली टीम, उसकी खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन को सातवें आसमान पर उछाल रहे थे। लेकिन दूध का दूध हो गया है। जिस टीम को ओलम्पिक गोल्ड की दावेदार कहा जा रहा था उसका दमखम जवाब दे चुका है।

   ओलम्पिक क्वालीफायर में अमेरिका और जापान से पिटने वाली भारतीय लड़कियों को अपने मैदान और दर्शकों के सामने सिर झुकाकर मैदान छोड़ना पड़ा। उनकी विदेशी कोच जेनेक शॉपमैन की भूमिका पर सवाल उठे लेकिन हॉकी इंडिया ने शॉपमैन को बरकरार रखा है। रांची में हॉकी प्रेमियों का दिल तोड़ देने वाले प्रदर्शन के बाद अब महिला टीम ने भुवनेश्वर एफआईएच प्रो-लीग में भी खराब प्रदर्शन का सिलसिला बरकरार रखा है और क्रमश: नीदरलैंड, चीन और ऑस्ट्रेलिया से हारकर यह बता दिया है कि भारतीय महिला हॉकी रसातल में धसक रही है।

   भारतीय हॉकी प्रेमी जानते हैं कि टोक्यो ओलम्पिक में चौथा स्थान अर्जित करने के बाद भारतीय महिला हॉकी के कर्णधारों ने हुंकार भरते हुए कहा था कि पेरिस ओलम्पिक में गोल्ड मेडल जीतेंगे। लेकिन अमेरिका और जापान से हारने के बाद इस टीम के बारे में आम धारणा बदल रही है। हॉकी जानकारों के अनुसार कप्तान व गोलकीपर सविता पूनिया पर उम्र भारी पड़ रही है। ज्यादातर लड़कियों के लिए खेल बोझ लगने लगा है। इसलिए क्योंकि उम्र की धोखाधड़ी आम है। हार का एक बड़ा कारण पेनल्टी कॉर्नर पर गोल बचाना और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल बनाना की है और दोनों ही क्षेत्र में भारतीय लड़कियां कमजोर नजर आती हैं। कुल मिलाकर भारतीय हॉकी के लगभग सभी दरवाजे बंद हो चुके हैं। लाख-करोड़ रुपये बहाने के बाद भी एशियाड और ओलम्पिक क्वालीफायर नहीं जीत पाए। अर्थात अब एक बार फिर शुरू से शुरू करना होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *