51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में मद्रास सीसी जीता
- मद्रास क्रिकेट क्लब ने भवानी यूथ क्रिकेट अकादमी को 39 रन से हरा दिया
- राहुल ए. चौधरी (65 रन देकर 5 विकेट और 14 गेंदों में 22 रन) को हरफनमौला प्रदर्शन करने के लिए किमाती मैन ऑफ द मैच अवार्ड मिला
संवाददाता
नई दिल्ली। मद्रास क्रिकेट क्लब ने 51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में जीत से अपना अभियान शुरू किया। सोमवार को श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ग्राउंड में खेले गए मैच में मद्रास क्रिकेट क्लब ने भवानी यूथ क्रिकेट अकादमी को 39 रन से हरा दिया। मद्रास सीसी की टीम के ऑलराउंडर राहुल ए. चौधरी (65 रन देकर 5 विकेट और 14 गेंदों में 22) को हरफनमौला खेल के लिए किमाती मैन ऑफ द मैच अवार्ड मिला, जबकि स्पोर्ट्ससन फाइटर ऑफ द मैच का अवार्ड भवानी यूथ क्रिकेट अकादमी के ध्रुव कौशिक (29 गेंदों में 54 रन और 27 रन देकर 2 विकेट) को प्रदान किया गया।

भवानी यूथ क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीता और फील्डिंग का फैसला लिया। लिहाजा, मद्रास सीसी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवरों में नौ विकेट पर 300 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। उसके लिए सुजल सिंह (55 गेंदों में 58 रन) और दीपक पुनिया (40 गेंदों में 55 रन) ने अर्धशतक जमाए जबकि अभय चौहान ने 43 रनों का योगदान किया। भवानी यूथ क्रिकेट अकादमी की ओर से ध्रुव कौशिक (27 रन देकर 2 विकेट) और नीलमणि कुमार (49 रन देकर 2 विकेट) ने दो-दो विकेट लिये।

जवाब में राहुल की घातक गेंदबाजी के आगे भवानी यूथ क्रिकेट अकादमी की टीम पूरी तरह बिखर गई और 34.5 ओवर में 261 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। उसकी तरफ से ध्रुव कौशिक (29 गेंदों में 54 रन) टॉप स्कोरर रहे जबकि ध्रुव भारद्वाज (29 गेंदों में 50 रन) ने भी अर्धशतक जमाया। राहुल ने 65 रन देकर पांच विकेट चटकाए। शुभम दुबे ने दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया।


वरिष्ठ पत्रकार
