51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में जैमिनी सीसी जीता
- जैमिनी क्रिकेट क्लब ने लाल बहादुर शास्त्री क्रिकेट अकादमी को 98 रन से हरा दिया
- विशांत भाटी (88 गेंदों में 141 रन और 25 रन देकर छह विकेट) को हरफनमौला प्रदर्शन करने के लिए किमाती मैन ऑफ द मैच अवार्ड मिला
संवाददाता
नई दिल्ली। जैमिनी क्रिकेट क्लब ने 51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में जीत से अपना अभियान शुरू किया। श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ग्राउंड में शुरू हुए इस टूर्नामेंट के पहले मैच में जैमिनी ने लाल बहादुर शास्त्री क्रिकेट अकादमी को 98 रन से हरा दिया। जैमिनी की टीम के ऑलराउंडर विशांत भाटी (88 गेंदों में 141 रन और 25 रन देकर छह विकेट) को हरफनमौला खेल के लिए किमाती मैन ऑफ द मैच अवार्ड मिला, जबकि स्पोर्ट्ससन फाइटर ऑफ द मैच का अवार्ड लाल बहादुर शास्त्री अकादमी के अभिराज गगन सिंह (72 गेंदों में 96 रन) को प्रदान किया गया।

जैमिनी सीसी की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 40 ओवरों में सात विकेट पर 333 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। विशांत भाटी ने 88 गेंदों में 141 रनों की शतकीय पारी खेली। प्रताप बसिस्ट (65 गेंदों में 83 रन) ने अर्धशतक जमाया। रोहन नागर ने 37 रनों का योगदान किया। एलबी शास्त्री सीसी की ओर से अरिंगम शर्मा ने 42 रन देकर दो विकेट लिये।

जवाब में विशांत भाटी की घातक गेंदबाजी के आगे एलबी शास्त्री सीसी की टीम पूरी तरह बिखर गई और 33.2 ओवर में 235 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। उसकी तरफ से अभिराज गगन सिंह (72 गेंदों में 96 रन) टॉप स्कोरर रहे जबकि ध्रुव सिंह (79 रन) ने अर्धशतक जमाया। विशांत ने 25 रन देकर छह विकेट चटकाए। सुबोध ने दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया।

इससे पहले, टूर्नामेंट 2026 का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राकेश पवेरिया द्वारा किया गया जिसमें; प्रोफेसर गुरु मोहिंदर सिंह (प्रिंसिपल, एसजीटीबी खालसा कॉलेज, दिल्ली), विनोद तिहारा (पूर्व सचिव, डीडीसीए), सूरज सोंधी (प्रिया टेंट हाउस), कीमती लाल (कीमती स्पोर्ट्स वर्क्स), पवन कुमार गुरदित्ता (स्पोर्ट्स-सन) और ललित तनेजा (मुख्य प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक) उपस्थित थे।


वरिष्ठ पत्रकार
