मोतीलाल नेहरू कॉलेज (सांध्य) के वार्षिक खेलकूद में मानस और आहना बने सर्वश्रेष्ठ एथलीट
- मुख्य अतिथि प्रो. बलराम पाणि ने तीन दिवसीय आयोजन का औपचारिक उद्घाटन किया
संवाददाता
नई दिल्ली। मानस कुमार और आहना बराल मोतीलाल नेहरू कॉलेज (सांध्य) के वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2025–26 के सर्वश्रेष्ठ एथलीट बने। तीन दिवसीय आयोजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए मानस कुमार (बी.ए. प्रोग्राम, प्रथम वर्ष) ने तीन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर सर्वश्रेष्ठ एथलीट (पुरुष) का खिताब जीता। वहीं, आहना बराल (बी.ए. प्रोग्राम, प्रथम वर्ष) ने चार प्रतियोगिताओं में प्रथम तथा एक में द्वितीय स्थान प्राप्त कर सर्वश्रेष्ठ एथलीट (महिला) का खिताब अपने नाम किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अनुशासित मार्च-पास्ट, ध्वजारोहण एवं शपथ ग्रहण समारोह से हुई। मुख्य अतिथि प्रो. बलराम पाणि ने प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में कर्नल सुरिंदर सिंह एवं श्री जगवीर मलिक उपस्थित रहे। यह आयोजन प्रो. संदीप गर्ग के संरक्षण में सम्पन्न हुआ, जिनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस खेलकूद प्रतियोगिता में 18 एथलेटिक्स (ट्रैक एवं फील्ड) प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त बास्केटबॉल, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन के मुकाबले भी कराए गए, जिससे कॉलेज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित हुई। छात्रों के लिए 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं शॉट पुट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए दौड़, म्यूजिकल चेयर एवं रस्साकशी जैसे मनोरंजक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान विभाग द्वारा किया गया, जिसमें एनसीसी एवं एनएसएस इकाइयों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इसमें छात्रों, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा परिसर ऊर्जा और उत्साह से भर उठा।


वरिष्ठ पत्रकार
