केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और अनुराग सिंह ठाकुर ने पंजा लड़ाकर किया 47वीं विश्व आर्मरेसलिंग एवं 28वीं विश्व पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026 का उद्घाटन
- इस ऐतिहासिक आयोजन में 60 से अधिक देशों के 1,700 से अधिक प्रतिभागी भारत पहुंचे
- 47वीं विश्व आर्मरेसलिंग एवं 28वीं विश्व पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 29 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है
संवाददाता
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर 2026: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू तथा लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने पंजा लड़ाकर 47वीं विश्व आर्मरेसलिंग एवं 28वीं विश्व पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026 का उद्घाटन किया। गुरुवार को पूर्वी दिल्ली स्थित द लीला एम्बियंस कन्वेंशन होटल में उद्घाटन समारोह का आयोजन पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीएएफआई) द्वारा किया गया। इस अवसर पर पीएएफआई की अध्यक्ष प्रीति झंगियानी और सह-संस्थापक परवीन डबास ने भारत सरकार के संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू तथा हमीरपुर से लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर समेत तमाम हस्तियों का स्वागत किया। यह विश्व स्तरीय आयोजन भारत में पहली बार वर्ल्ड आर्मरेसलिंग महासंघ (डब्लूएएफ) के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
इस चैंपियनशिप में 60 से अधिक देशों के 1,700 से ज्यादा खिलाड़ी, अधिकारी और समर्थक नई दिल्ली पहुंचे हैं जबकि मेजबान भारत 260 खिलाड़ियों का दल उतार रहा है। यह आयोजन अब तक भारत में आयोजित सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आर्मरेसलिंग आयोजनों में से एक है और देश में इस खेल के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। समारोह में वैश्विक और महाद्वीपीय स्तर पर आर्मरेसलिंग से जुड़े कई प्रमुख पदाधिकारी भी शामिल हुए। इनमें विश्व आर्मरेसलिंग महासंघ (डब्लूएएफ) के अध्यक्ष असेन हाजिटोडोरोव; डब्लूएएफ के महासचिव मिर्सिया सिमियोनेस्कु-सिमिसेल, एशियाई आर्मरेसलिंग महासंघ (एएएफ) के अध्यक्ष जीनबेक मुकाम्बेटोव, आर्मरेसलिंग ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष फिल रासमुसेन; पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीएएफआई) की अध्यक्ष, एशियाई आर्मरेसलिंग महासंघ की उपाध्यक्ष और प्रो-पंजा लीग की सह-संस्थापक श्रीमती प्रीति झंगियानी, तथा प्रो-पंजा लीग के सह-संस्थापक परवीन डबास शामिल रहे।

समारोह की शुरुआत केरल के पारंपरिक ढोल वादकों और नर्तकों की सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुई। इसके बाद भारत की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाती तीन प्रस्तुतियां पेश की गईं। तत्पश्चात विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने परेड ऑफ नेशंस में हिस्सा लिया, जिसने चैंपियनशिप की वैश्विक पहुंच और समावेशी भावना को प्रदर्शित किया। इसके बाद किरेन रिजिजू, अनुराग सिंह ठाकुर, असेन हाजिटोडोरोव, प्रीति झंगियानी और परवीन डबास सहित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आर्मरेसलिंग जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों ने पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलित कर चैंपियनशिप का औपचारिक उद्घाटन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “दुनियाभर से आए इतने सारे प्रतिभागियों का उत्साह देखकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। मैं प्रीति झंगियानी, परवीन डबास और पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीएएफआई) की पूरी टीम को पहली बार विश्व चैंपियनशिप भारत लाने के उनके प्रयासों के लिए बधाई देना चाहता हूं। हमें आप सभी की मेजबानी करने का सौभाग्य मिला है और हम भारत की मेहमाननवाजी का अनुभव करने के लिए आप सभी का स्वागत करते हैं।”
लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, “मैं 47वीं विश्व आर्मरेसलिंग एवं 28वीं विश्व पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए 60 से अधिक देशों से भारत आए सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों का हार्दिक स्वागत करता हूं। इतने बड़े स्तर के आयोजन की मेजबानी भारत के लिए गर्व की बात है। मैं प्रीति झंगियानी, परवीन डबास और उनकी पूरी टीम को इस आयोजन को सफल बनाने के प्रयासों के लिए बधाई देता हूं। खेल हमारे दिलों के बेहद करीब हैं और हम इस चैंपियनशिप को सभी के लिए यादगार बनाने के उद्देश्य से हरसंभव सहयोग देने के लिए यहां मौजूद हैं।”

विश्व आर्मरेसलिंग महासंघ के अध्यक्ष असेन हाजिटोडोरोव ने भी अन्य विशिष्ट अतिथियों के साथ चैंपियनशिप के शुभारंभ को चिह्नित किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया के अग्रणी आर्मरेसलिंग और पैरा आर्मरेसलिंग खिलाड़ी एक साझा मंच पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए एकत्रित हुए हैं। शाम के प्रमुख आकर्षणों में प्रो पंजा लीग के खिलाड़ियों प्रसेनजीत पात्रा और अमित सिंह के बीच 20 मिनट का एक भव्य प्रदर्शनी मुकाबला रहा। प्रसेनजीत पात्रा ने तीन राउंड का यह मुकाबला लगातार जीत से अपने नाम किया। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों, खिलाड़ियों और अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस मुकाबले ने भारत में पेशेवर आर्मरेसलिंग की बढ़ती लोकप्रियता और दुनियाभर के दर्शकों को आकर्षित करने की इस खेल की क्षमता को प्रदर्शित किया। 2023 में अपने पहले टेलीविजन प्रसारण वाले सीजन के बाद से प्रो पंजा लीग ने आर्मरेसलिंग को एक पेशेवर खेल के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार काम किया है। लीग पुरुषों, महिलाओं और पैरा खिलाड़ियों को समान पुरस्कार राशि और अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीएएफआई) की अध्यक्ष, एशियाई आर्मरेसलिंग महासंघ की उपाध्यक्ष और प्रो पंजा लीग की सह-संस्थापक प्रीति झंगियानी ने कहा, “आज रात भारत ने दुनिया के सबसे ताकतवर बाजुओं वाले खिलाड़ियों का स्वागत किया और यहां मौजूद लोगों के उत्साह ने दिखाया कि हमारे देश में आर्मरेसलिंग का सफर कितना आगे बढ़ चुका है। पिछले साल जब हमने यहां एशियाई चैंपियनशिप की मेजबानी की थी, तब हमारे खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता साबित की थी। विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी उस दिशा में अगला कदम है और यह उन सभी भारतीय खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों की उपलब्धि है, जिन्होंने इस खेल पर विश्वास बनाए रखा है। पैरा खिलाड़ी भी उसी मंच पर, उसी सम्मान के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। यही अधिक सशक्त और समावेशी खेल भविष्य है, जिसे साकार करने के लिए हम काम कर रहे हैं।”
प्रो-पंजा लीग के सह-संस्थापक परवीन डबास ने कहा, “जब हमने प्रो पंजा की शुरुआत की थी, तब लोग हमसे पूछते थे कि क्या पंजा लड़ाना कभी एक पेशेवर खेल बन सकता है। आज प्रसेनजीत पात्रा और अमित सिंह ने 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधिमंडलों के सामने विश्व चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। पंजा लड़ाने का खेल हमेशा से भारतीय घरों का हिस्सा रहा है। हमारा प्रयास इस जुनून को एक पेशेवर मंच प्रदान करना रहा है। आज रात यहां मौजूद दर्शकों की प्रतिक्रिया बताती है कि दुनिया भी इस खेल को अपनाने के लिए तैयार है।”

उद्घाटन समारोह में खेल जगत के दिग्गजों, सरकारी प्रतिनिधियों और वैश्विक आर्मरेसलिंग समुदाय के सदस्यों की उपस्थिति ने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने वाले देश के रूप में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को रेखांकित किया। किरेन रिजिजू और अनुराग सिंह ठाकुर की उपस्थिति ने भारत में इस प्रतिष्ठित विश्व चैंपियनशिप के आयोजन के महत्व को दर्शाया, जबकि 60 से अधिक देशों के खिलाड़ियों की भागीदारी ने इस खेल की वैश्विक लोकप्रियता और समावेशी स्वरूप को उजागर किया। 47वीं विश्व आर्मरेसलिंग एवं 28वीं विश्व पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 29 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है।

वरिष्ठ पत्रकार
