ईस्ट दिल्ली राइडर्स और दिल्ली वॉन्डर्स जीते
- ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने जेमिनी क्रिकेट क्लब को 145 रन से पराजित किया
- दूसरे मैच में दिल्ली वॉन्डर्स क्रिकेट क्लब ने रवि ब्रदर्स क्रिकेट क्लब को 28 रन से हराया
संवाददाता
नई दिल्ली, 8 जून 2026: ईस्ट दिल्ली राइडर्स और दिल्ली वॉन्डर्स क्रिकेट क्लब ने सोमवार को 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 में अपने मुकाबले जीते। यहां सेंट स्टीफन ग्राउंड में खेले गए दिन के पहले मुकाबले में बाल ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने जेमिनी क्रिकेट क्लब को 145 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी जबकि दूसरे मैच में दिल्ली वॉन्डर्स ने रवि ब्रदर्स क्रिकेट क्लब को 28 रनों से पराजित किया।
पूल ‘ए’ लीग मैच में ईस्ट दिल्ली राइडर्स की जीत में ओपनर वंश मेहरा (43 गेंदों में 12 चौके, 10 छक्के, 123 रन) के ताबड़तोड़ शतक का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी (रजि.) के सदस्य डॉ. सुशील वत्स ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार जेमिनी क्रिकेट क्लब के कप्तान सिद्धार्थ सिंह बेनीवाल (36 गेंदों में 4 चौके, 3 छक्के, 56 रन) को मिला।

इस मुकाबले में जेमिनी क्रिकेट क्लब के कप्तान सिद्धार्थ सिंह बेनीवाल ने टॉस जीता और फील्डिंग का फैसला किया। लिहाजा, ईस्ट दिल्ली राइडर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बेहद आक्रामक शुरुआत की और निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट पर 319 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से ओपनर वंश मेहरा (43 गेंदों में 12 चौके, 10 छक्के, 123 रन) तूफानी शतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि उनके जोड़ीदार सुजल सिंह (36 गेंदों में 13 चौके, 8 छक्के, 107 रन) ने भी शतक ठोका। इन दोनों ओपनरों ने पहले विकेट के लिए 11.3 ओवरों में 216 रनों की साझेदारी की और अंत में हार्दिक शर्मा (26 गेंदों में 2 चौके, 6 छक्के, नाबाद 57 रन) ने अर्धशतक जमाया। जेमिनी क्रिकेट क्लब के लिए सौरभ राय (36 रन देकर 1 विकेट), आर्यन शर्मा (53 रन देकर 1 विकेट) और नमन यादव (60 रन देकर 1 विकेट) ने एक-एक विकेट हासिल किया।

जवाब में 320 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेमिनी क्रिकेट क्लब की बल्लेबाजी दबाव में लड़खड़ा गई और 20 ओवरों में आठ विकेट गंवाकर 174 रन ही बना पाई। उसकी ओर से फाइटर ऑफ द मैच रहे कप्तान सिद्धार्थ सिंह बेनीवाल (36 गेंदों में 4 चौके, 3 छक्के, 56 रन) टॉप स्कोरर रहे। नमन यादव ने 33 रन और आदित्य श्रीवास्तव ने नाबाद 29 रनों का योगदान दिया। ईस्ट दिल्ली राइडर्स के गेंदबाजों ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा। हार्दिक शर्मा (18 रन देकर 2 विकेट), निखिल कुमार (23 रन देकर 2 विकेट) और आत्रेय त्रिपाठी (44 रन देकर 2 विकेट) ने दो-दो विकेट झटके, जबकि अजय यादव और रोहन राठी को एक-एक सफलता मिली।
पूल ‘डी’ लीग मैच में दिल्ली वॉन्डर्स क्रिकेट क्लब की जीत में संस्कार रावत (49 गेंदों में 11 चौके और 5 छक्के, 103 रन) के शानदार प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) के कोषाध्यक्ष मुकुल शर्मा एवं मूलचंद शर्मा ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का रवि ब्रदर्स क्रिकेट क्लब के मयंक गुसाई (33 रन देकर 3 विकेट) को मिला।

मैच में दिल्ली वॉन्डर्स क्रिकेट क्लब के कप्तान गगन वत्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनकी टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 247 रन चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से संस्कार रावत (49 गेंदों में 11 चौके और 5 छक्के, 103 रन) टॉप स्कोरर रहे। उनके अलावा मोहम्मद कैफ (34 गेंदों में 8 चौके, 4 छक्के, 73 रन) ने अर्धशतक जमाया। रवि ब्रदर्स सीसी की ओर से मयंक गुसाई (33 रन देकर 3 विकेट) तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। सिद्धार्थ चौधरी (15 रन देकर 2 विकेट) ने दो विकेट हासिल किए जबकि जयंत और नमन पारे को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में, 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रवि ब्रदर्स क्रिकेट क्लब की टीम 19.5 ओवर में 219 रनों पर ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से ओपनर कृष्ण भड़ाना (22 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्के, 41 रन) टॉप स्कोरर रहे। उनके के अलावा कप्तान आयुश दोसेज ने 33, सार्थक पाल एवं मनन ने 28-28 रनों, शौर्यवीर सिंह ने 21 और आदित्य मल्होत्रा ने 20 रनों का योगदान किया। दिल्ली वॉन्डर्स क्रिकेट क्लब की ओर से वरुण (50 रन देकर 4 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। करण चौधरी (48 रन देकर 3 विकेट) को तीन, बॉबी यादव (43 रन देकर 2 विकेट) को दो और विवेक धामी (28 रन देकर 1 विकेट) को एक विकेट मिला।


वरिष्ठ पत्रकार
