डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में गोल हंटर्स और इंडियन नेशनल जीते
- गोल हंटर्स एफसी ने ग्रोइंग स्टार्स एससी को 1-0 से पराजित किया
- एमेटी इंडियन नेशनल एफसी ने बंगदर्शन एफए को 4-0 से हराया
संवाददाता
नई दिल्ली। गोल हंटर्स एफसी और एमेटी इंडियन नेशनल एफसी ने डीएसए ‘ए’ डिवीजन फुटबॉल लीग में अपने मुकाबले जीतकर पूरे तीन अंक बटोरे। मंगलवार को पूर्वी दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबलों में गोल हंटर्स एफसी ने ग्रोइंग स्टार्स एसजी को 1-0 से पराजित किया जबकि एमेटी इंडियन नेशनल एफसी ने बंगदर्शन एफए को 4-0 से हराया। गोल हंटर्स की जीत में फॉरवर्ड मानव रावत ने मैच का एकमात्र एक गोल किया। वहीं, दूसरे मुकाबले में एमेटी इंडियन नेशनल एफसी को कप्तान व फॉरवर्ड हितेश कादियान की हैट्रिक और फॉरवर्ड विशाल दलाल के गोल से जीत मिली।

दिन के पहले मुकाबले में गोल हंटर्स एफसी ने ग्रोइंग स्टार्स एसजी को 1-0 से हराया। इस मैच में फॉरवर्ड मानव रावत ने 38वें मिनट में गोल करके गोल हंटर्स को शुरुआत बढ़त दिला दी। इस कारण गोल हंटर्स एक गोल की बढ़त के साथ हाफ टाइम ब्रेक पर गई। लेकिन मध्यांतर के बाद तमाम कोशिशों के बावजूद और कोई गोल नहीं हुआ। लिहाजा, रैफरी पंकज सिंह की मैच समाप्ति की लंबी सीटी बजने तक गोल हंटर्स एफसी की बढ़त बनी रही।

दिन के दूसरे मुकाबले में एमेटी इंडियन नेशनल एफसी ने बंगदर्शन फुटबॉल एसोसिएशन को 4-0 से करारी शिकस्त दी। इस मैच का आकर्षण कप्तान व फॉरवर्ड हितेश कादियान की हैट्रिक रही। हितेश ने 29वें, 68वें और 78वें मिनट में गोल करके अपनी टीम मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। मैच का चौथा गोल उनके साथी फॉरवर्ड विकास दलाल ने 89वें मिनट में दागा। इन गोल से इंडियन नेशनल एफसी ने रैफरी नीतू राणा की मैच समाप्ति की लंबी सीटी बजने तक 4-0 की अपनी बढ़त को बनाए रखा और आसान जीत हासिल की।

वरिष्ठ पत्रकार
