पीजीडीएवी कॉलेज ने जीता तीसरे स्वामी दयानंद सरस्वती टी20 डे-नाइट टूर्नामेंट का खिताब
- दो घरेलू टीमों के बीच खेले गए फाइनल में पीजीडीएवी कॉलेज ने पीजीडीएवी येल्लो टीम को 8 विकेट से मात दी
संवाददाता
नई दिल्ली। पीजीडीएवी कॉलेज ने तीसरे स्वामी दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज टी20 डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। पीजीडीएवी कॉलेज मैदान पर चल रहे इस टूर्नामेंट का फाइनल दो घरेलू टीमों के बीच खेला गया, जिसमें ‘मैन ऑफ द मैच’ यश डबास (91 रन, 36 गेंद, 6×4,10×6) की शानदार बल्लेबाजी और प्रणित (4-1-28-4) की घातक गेंदबाजी की मदद से पीजीडीएवी कॉलेज ने पीजीडीएवी येल्लो टीम को 8 विकेट से मात दी। पीजीडीएवी कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर दरविंदर कुमार ने विजेताओं को पुरस्कार दिए।

पीजीडीएवी येल्लो टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 192 रन बनाए। ध्रुव नारंग (102) ने शतक जमाया और नैतिक यादव (58) ने अर्धशतकीय पारी खेली। प्रणित ने 28 पर 4 विकेट और वैभव पांडे ने 46 रन देकर दो विकेट चटकाए। इसके जवाब में पीजीडीएवी कॉलेज ने 14.5 ओवर में 2 विकेट पर 196 रन बनाकर, 8 विकेट से मैच जीत लिया। यश डबास (91) और अंकित कुमार (66 रन) अर्धशतक जमाए।

इससे पहले, पीजीडीएवी कॉलेज की पुरुष टीम 27 साल बाद इस सत्र में दिल्ली यूनिवर्सिटी इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट की भी चैंपियन बनी है। कॉलेज की तरफ से पहली बार विभिन्न स्तरों पर अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाडियों को 2.8 लाख रुपए की नगद इनामी राशि भी दी गई।


वरिष्ठ पत्रकार
