सारा X गोल्फ कोड बनी डीजीसी मेंबर्स लीग की चैंपियन
- राडिको द्वारा प्रायोजित इस लीग के फाइनल में सारा X गोल्फ कोड ने बाले गोल्फ को हराया
- ‘स्विंगकेकिंग्स’ ने ‘एथलेटिक ड्राइव’ को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया
संवाददाता
नई दिल्ली, 19 अप्रैल: सारा X गोल्फ कोड ने 5वें दिल्ली गोल्फ़ क्लब मेंबर्स लीग का खिताब जीत लिया है। सारा X गोल्फ कोड ने दिल्ली गोल्फ कोर्स में आयोजित राडिको द्वारा प्रायोजित इस लीग के फाइनल में ज़बरदस्त वापसी करते हुए बाले गोल्फ को हराया। ‘स्विंगकेकिंग्स’ ने ‘एथलेटिक ड्राइव’ को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
यह खिताबी मुकाबला किसी परी कथा जैसा था, जिसका सारा X गोल्फ कोड और बाले गोल्फ को बेसब्री से इंतज़ार था। उसकी शुरुआत में बाले गोल्फ ने पहले दो गेम जीतकर बढ़त बनाई। फिर आए बेमिसाल प्रताप सिंह अटवाल और उनके जोड़ीदार ईशान कपूर। लीग में गोल्फ़ गेंद को सबसे दूर तक हिट करने वाले अटवाल ने सारा X गोल्फ कोड को मुक़ाबले में वापस लाते हुए उनके लिए तीसरा गेम जीत लिया। हालाँकि, बाले गोल्फ के युवा खिलाड़ी आदित्य मिश्रा – जिनकी उम्र महज़ 14 साल है – ने अपने जोड़ीदार आशीष नाथ के साथ मिलकर बाले गोल्फ के लिए चौथा गेम जीता और अपनी टीम की दो गेम की बढ़त को बनाए रखा, जबकि अभी तीन गेम बाकी थे।

मैच के आधे पड़ाव पर, बाले गोल्फ 7 में से 5 गेम में आगे चल रही थी; यह स्थिति इतनी मज़बूत थी कि इससे बड़े से बड़े विरोधी पर भी दबाव बन सकता था। हालाँकि, सारा X गोल्फ कोड – जिसकी टीम में क्लब के कुछ बेहतरीन मैचप्ले गोल्फ़र शामिल थे – ने हार नहीं मानी और धैर्य व दृढ़ता का परिचय देते हुए ज़बरदस्त वापसी की। इसके परिणामस्वरूप उन्होंने लगातार तीन गेम जीते और शानदार अंदाज़ में ख़िताब अपने नाम कर लिया।
फ़ाइनल होल की ओर बढ़ते समय, बाले गोल्फ एक होल से पीछे चल रही थी। प्ले-ऑफ़ में पहुँचने के लिए उन्हें यह होल हर हाल में जीतना था। बाले गोल्फ के मालिक अश्विन चंडियोक ने ग्रीन पर तीसरा शॉट ज़बरदस्त तरीक़े से लगाया; अब उनके सामने 20 फ़ीट की दूरी से ‘बर्डी’ लगाकर होल जीतने और अपनी टीम को प्ले-ऑफ़ में पहुँचाने की चुनौती थी।

इस बीच, सारा X गोल्फ कोड के इमरान बेग ने ‘रेगुलेशन’ के तहत ग्रीन पर गेंद पहुँचा दी। बेग के सामने 25 फ़ीट की दूरी से शॉट लगाकर सारा X गोल्फ कोड के लिए यह गेम और मैच जीतने का मौक़ा था। लेकिन उनका ‘पट’ (putt) लक्ष्य से पाँच फ़ीट पहले ही रुक गया। अब, दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में सभी की निगाहें एक बार फिर अश्विन चंडियोक पर टिक गई थीं। बदकिस्मती से, अश्विन 20 फीट की दूरी से शॉट लगाकर होल जीतने से बाल-बाल चूक गए। अब बेग के सामने एक मुश्किल ‘राइट-टू-लेफ़्ट’ ब्रेकिंग पट था, जिससे वे अपनी टीम को जीत दिला सकते थे। उन्होंने उसे सफलतापूर्वक होल में डाल दिया और ‘सारा X गोल्फ़ कोड’ को उनका पहला, पूरी तरह से हक़दार ख़िताब दिलवाया।

इससे पहले, तीसरे और चौथे स्थान के लिए हुए मुक़ाबले में ‘एथलेटिक ड्राइव’, का सामना ‘स्विंगकेकिंग्स’ से था। ‘एथलेटिक ड्राइव’ ने ज़ोरदार शुरुआत करते हुए पहले दो गेम जीत लिये। लेकिन ‘स्विंगकेकिंग्स’ ने पासा पलटते हुए अपने विरोधियों के ख़िलाफ़ लगातार चार गेम जीत लिए। एक बार फिर, यह बदलाव ‘स्विंगकेकिंग्स’ टीम के मालिक कनिष्क खुल्लर और विक्रम कपूर की वजह से आया, जिन्होंने मैच के तीसरे गेम में ‘एथलेटिक ड्राइव’ के सूर्य उदय बेदी और तरुण तलवार को 4-1 के अंतर से हराया। आख़िरी गेम टाई होने के साथ ही, ‘स्विंगकेकिंग्स’ ने तीसरा स्थान पक्का कर लिया।

वरिष्ठ पत्रकार
