October 23, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

हीरो विमेंस इंडियन ओपन में चियारा टैम्बुरलिनी की बढ़त जारी, प्रणवी उर्स का शानदार प्रदर्शन भी बरकरार

  • लीडर चियारा से दो स्ट्रोक पीछे प्रणवी 4 अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर है
  • 13 वर्षीया ओजस्विनी सारस्वत ‘हीरो विमेंस इंडियन ओपन’ में कट पार करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय खिलाड़ी बनी

संवाददाता

गुरुग्राम, 23 अक्टूबर 2026: चियारा टैम्बुरलिनी, हीरो की ब्रांड एंबेसडर प्रणवी उर्स और सारा कौस्कोवा ने अपनी लय बरकरार रखते हुए 500,000 अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाले 18वें हीरो विमेंस इंडियन ओपन (एचडब्लूआईओ) के दूसरे दिन लीडरबोर्ड पर अपनी छाप छोड़ी। तीनों ने शुक्रवार को DLF गोल्फ एंड कंट्री क्लब में मिले मौकों का पूरा फायदा उठाया। चियारा ने दूसरे दिन भी अपना शीर्ष स्थान बनाए रखा। उन्होंने शुक्रवार को 1-अंडर 71 का स्कोर किया। इस तरह गुरुवार को 5-अंडर 67 का कार्ड खेलने वालीं चियारा के पास 6-अंडर स्कोर के साथ दो शॉट की बढ़त हो गई है। वहीं, मौजूदा चैंपियन शैनन टैन जैसी कई गोल्फरों के लिए डीएलएफ का गोल्फ कोर्स काफी मुश्किल साबित हुआ। सिंगापुर की शैनन ने आज एक डबल बोगी व छह बोगियों की झड़ी लगाते हुए 5 ओवर 55 का निराशाजनक कार्ड खेला, जिस कारण वह एक ओवर के स्कोर के साथ संयुक्त 15वें स्थान पर लुढ़क गईं। वह पहले दिन 4 अंडर 68 के कार्ड के साथ दूसरे स्थान पर थीं।

  • चियारा के लिए खुशी का मौका

2024 लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) ‘ऑर्डर ऑफ मेरिट’ विजेता चियारा को इस सीजन की शुरुआत में एलपीजीए टूर में कदम रखने के बाद से काफी संघर्ष करना पड़ा था। हीरो विमेंस इंडियन ओपन में भी चियारा का पिछला रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। ऐसे में लगातार दूसरे दिन भी लीडरबोर्ड पर अपना नाम सबसे ऊपर देखना उनके लिए बड़ी कामयाबी है।

8वें होल पर लगी ‘बोगी’ (bogey) ने न केवल उनके पहले होल (जो कोर्स का 10वां होल था) पर बनाई गई ‘बर्डी’ (birdie) के फायदे को खत्म कर दिया, बल्कि लगातार 15 ‘पार’ (pars) बनाने की उनकी स्थिति पर खतरा पैदा कर दिया था। चियारा ने कहा, “वहां अपना नाम देखना हमेशा अच्छा लगता है। इससे प्रेरणा मिलती है, और किसी खराब शॉट को स्वीकार करना आसान हो जाता है, क्योंकि आपको पता होता है कि आप अच्छी स्थिति में हैं और आपके पास वापसी करने की क्षमता है।” और ऐसा ही हुआ, उन्होंने शानदार वापसी करते हुए राउंड का अंत ‘बर्डी’ के साथ किया और ‘अंडर-पार’ स्कोर हासिल किया।

  • ‘बीमारी’ प्रणवी की लय बरकरार

प्रणवी (70-70) ने अपनी कमजोर शारीरिक स्थिति के बावजूद अपनी लय बरकरार रखी है। सप्ताह की शुरुआत से ही पेट की समस्या एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट को परेशान कर रही थी, और अब उनके सामने दो ही रास्ते थे, या तो वो हार मान लें या फिर डटकर खेलें और आगे बढ़तीं रहे। इस बारे में पूछने पर प्रणवी ने कहा, “इस हफ्ते मेरा पेट कुछ ठीक नहीं रहा है। मैं बस किसी तरह खुद को संभाले रखने की कोशिश कर रही हूं।” आज शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्हें पहले ही होल पर ‘बोगी’ मिल गई। इससे एशियन गेम्स के आखिरी दिन की यादें ताजा हो गईं, जब उन्हें शुरुआत में ही ‘ट्रिपल-बोगी’ का सामना करना पड़ा था। जापान में उन्होंने एक फैसला लिया था कि लीडरबोर्ड को बार-बार देखने से हमेशा मदद नहीं मिलती। इसके बाद फ्रंट नाइन में लगातार ‘पार’ खेले और फिर ‘बैक-नाइन’ में तीन ‘बर्डी’ लगाकर वापसी की। प्रणवी ने कहा, “एक खराब होल का मतलब यह नहीं है कि आप वापसी नहीं कर सकते। आपको धैर्य रखना होता है। मैंने भी यही किया और बस एक-एक शॉट पर ध्यान दिया।”

   अवनि प्रशांत (70-76) के लिए शुक्रवार का दिन अच्छा नहीं रहा और वह खिसककर T-18 पर आ गईं। इस बीच, ‘हीरो’ ब्रांड की अन्य एंबेसडर्स के लिए भी यह दिन उतार-चढ़ाव भरा रहा। त्वेसा मलिक लेवल-पार (71, 73) के स्कोर के साथ T-12 स्थान पर रहीं, जबकि दो बार की एलईटी विजेता दीक्षा डागर 13 ओवर का स्कोर करने के बाद कट से बाहर हो गई हैं।

  • ‘ईगल’ ने दी वाणी को ‘उड़ान’

कल रात 22वें स्थान पर रहीं वाणी कपूर अपने फ्रंट नाइन में ‘ईगल’ जरिये लंबी छलांग लगाकर संयुक्त 7वें स्थान पर पहुंच गई हैं। लगातार दूसरे दिन वाणी की शुरुआत खराब रही, लेकिन 14वें होल पर उन्हें किस्मत का साथ मिला, जब उनकी गेंद लुढ़कते हुए सीधे होल के अंदर चली गई। उस ईगल के तुरंत बाद वाणी ने एक ‘बर्डी’ लगाई, जिससे उनकी स्थिति बेहतर हो गई।

  • जूनियर एमेच्योर ओजस्विनी सारस्वत की उपलब्धि

जयपुर की उभरती हुई जूनियर एमेच्योर गोल्फर ओजस्विनी सारस्वत ने ‘हीरो विमेंस इंडियन ओपन’ में कट पार करके इतिहास रच दिया। 13 साल की ओजस्विनी ऐसा करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने अदिति अशोक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2012 के एचडब्लूआईओ में 14 साल की उम्र में कट पार किया था। इस तरह वह लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) में कट पार करने वाली दूसरी सबसे कम उम्र की खिलाड़ी भी बन गई हैं। उनसे आगे केवल थाईलैंड की आरिया जुतानुकर्ण हैं, जिन्होंने 2008 के ‘फिनएयर मास्टर्स’ में 12 साल की उम्र में कट पार किया था। ओजस्विनी ने अपने कल के 79 के स्कोर से वापसी करते हुए आज 3-अंडर 69 का कार्ड खेला और आसानी से ‘कट’ पार कर लिया। इस बीच, ‘कट’ 9-ओवर पर रहने का अनुमान है, और फिलहाल 10 भारतीय खिलाड़ी (जिनमें दो एमेच्योर भी शामिल हैं) वीकेंड पर खेलते हुए नजर आ सकते हैं। अस्थायी ड्रॉ के अनुसार, तीसरा राउंड शनिवार सुबह 9:00 बजे शुरू होने की उम्मीद है।

  • हीरो मोटोकॉर्प की ‘पिंक रिबन’ पहल

चूंकि अक्टूबर का महीना ‘ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता माह’ के रूप में मनाया जाता है, इसलिए ‘हीरो विमेंस इंडियन ओपन’ में हिस्सा ले रही सभी खिलाड़ियों ने आज महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति समर्थन दिखाने के लिए ‘पिंक रिबन’ पहना। हीरो मोटोकॉर्प की इस विशेष पहल का उद्देश्य बीमारी का जल्दी पता लगाने के बारे में जागरूकता बढ़ाना, समय पर इलाज के लिए प्रोत्साहित करना और ऐसी बातचीत को बढ़ावा देना है, जो भारत और दुनिया भर में लोगों की जान बचाने में मददगार साबित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *