अभय के शतक और रेहान के ‘पंजे’ से मद्रास क्रिकेट क्लब जीता
- मद्रास क्रिकेट क्लब ने डैज स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब को 77 रनों से पराजित किया
- अभय चौहान (66 गेंदों में 14 चौके व 7 छक्के, 125 रन) को शानदार शतक के लिए किमाती मैन ऑफ द मैच अवार्ड मिला
संवाददाता
नई दिल्ली। मद्रास क्रिकेट क्लब ने 51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में जीत हासिल करके क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। गुरुवार को श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ग्राउंड में खेले गए प्री-क्वार्टर मैच में मद्रास क्रिकेट क्लब ने डैज स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब को 77 रनों से हरा दिया। मद्रास क्रिकेट क्लब के अभय चौहान (66 गेंदों में 14 चौके व 7 छक्के, 125 रन) को शानदार शतक के लिए गोस्वामी गणेशदत्त मेमोरियल सोसाइटी की अम्पायर कमेटी के कन्वेयर महेन्द्र पाल और बीसीसीआई अम्पायर संजय सिंह ने किमाती मैन ऑफ द मैच अवार्ड प्रदान किया, जबकि स्पोर्ट्ससन फाइटर ऑफ द मैच का अवार्ड मद्रास क्रिकेट क्लब के ही रेहान सिंह (43 रन देकर 5 विकेट) को मिला।

मद्रास क्रिकेट क्लब के कप्तान केशव आर. सिंह ने टॉस जीता और बैटिंग करने का फैसला लिया। मद्रास क्रिकेट क्लब की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवरों में नौ विकेट 350 रन बनाकर मजबूत स्कोर खड़ा किया। उसके लिए अभय चौहान (56 गेंदों में 14 चौके व 7 छक्के, 125 रन) टॉप स्कोरर रहे जबकि सुजल राजीव सिंह (39 गेंदों में 50 रन) ने अर्धशतक जमाया। जसवीर सहरावत ने 30 और कप्तान केशव आर. सिंह ने 29 रनों का योगदान किया। डैज स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब की ओर से निखिल (45 रन देकर 2 विकेट), शिवांक वशिष्ठ (46 रन देकर 2 विकेट), अखिल चौधरी (64 रन देकर 2 विकेट) और सत्यम सांगु (73 रन देकर 2 विकेट) ने दो-दो विकेट हासिल किए।

जवाब में, डैज स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब की टीम 39.3 ओवरों में 273 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उसकी तरफ से उवैस अहमद (37 गेंदों में 10 चौके, 68 रन) टॉप स्कोर रहे जबकि दिवयांश जोशी ने 44 और सत्यम सांगु 43 रनों का योगदान किया। मद्रास क्रिकेट क्लब की ओर से रेहान सिंह (43 रन देकर 5 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे, परीक्षित को दो और जसवीर सहरावत, ऋषभ बंसल और रोहित गोयत को एक-एक विकेट मिला।


वरिष्ठ पत्रकार
