June 6, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) में जीते कॉलाज और एसेक्स फार्म्स

  • कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 10 रन से पराजित किया
  • दूसरे मैच में एसेक्स फार्म्स क्रिकेट क्लब ने प्रोफेशनल मैनेजमेंट क्रिकेट क्लब को नौ विकेट से हराया

संवाददाता

नई दिल्ली, 6 जून 2026: कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब और एसेक्स फार्म्स क्रिकेट क्लब ने शनिवार को 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 में अपने मुकाबले जीते। यहां सेंट स्टीफन ग्राउंड में खेले गए दिन के पहले मुकाबले में कॉलाज स्पोर्ट्स ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 10 रनों से हराया जबकि दूसरे मैच में एसेक्स फार्म्स क्रिकेट क्लब ने प्रोफेशनल मैनेजमेंट क्रिकेट क्लब को 9 विकेट से पराजित किया।

   पूल ‘ए’ लीग मैच में कॉलाज स्पोर्ट्स की जीत में दीपक पुनिया (29 गेंदों में 3 चौके, 7 छक्के, नाबाद 64 रन) के शानदार प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी (रजि.) के अध्यक्ष वेद प्रकाश सरीन एवं शुभ शर्मा ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब के सुजल सिंह (54 गेंदों में 12 चौके, 6 छक्के, 111 रन) को मिला।

   इस मुकाबले में ईस्ट दिल्ली राइडर्स के कप्तान रोहन राठी ने टॉस जीता और फील्डिंग का फैसला किया। लिहाजा, कॉलाज स्पोर्ट्स क्लब की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से दीपक पुनिया (29 गेंदों में 3 चौके, 7 छक्के, नाबाद 64 रन) तूफानी अर्धशतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि उन्हें सिद्धांत जून (43 रन) और अरुण छपराना (42 रन) का अच्छा साथ मिला, जबकि मनीष सहरावत 12 रन बनाकर नाबाद लौटे। ईस्ट दिल्ली राइडर्स के लिए अजय राणा (20 रन देकर 1 विकेट), अंकित डबास (29 रन देकर 1 विकेट), अत्रे त्रिपाठी (42 रन देकर 1 विकेट) और ऋषभ शर्मा (56 रन देकर 1 विकेट) सफल गेंदबाज रहे।

   जवाब में 239 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स सुजल के शतक के बावजूद 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 228 बना पाई। उसकी ओर से ओपनर सुजल सिंह (54 गेंदों में 12 चौके, 6 छक्के, 111 रन) विस्फोटक शतक लगाते हुए टॉप स्कोरर रहे। अश्विन छिल्लर (30 गेंदों में 2 चौके, 5 छक्के, नाबाद 57 रन) ने अर्धशतक जमाया। कॉलाज स्पोर्ट्स की ओर से तेजस बोकारा (19 रन देकर 2 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। उनके अलावा विक्रम मेहरा और सिद्धांत जून को एक-एक विकेट मिला।

   पूल ‘बी’ लीग मैच में एसेक्स फार्म्स क्रिकेट क्लब की जीत में द्वीप गहलोत (45 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्के, 73 रन) के शानदार प्रदर्शन का योगदान रहा, जिसके लिए उन्हें गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) के महासचिव विशाल कट्याल और टूर्नामेंट सचिव कार्तिक शर्मा ने मैन ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रोफेशनल मैनेजमेंट क्रिकेट क्लब के ओपनर अनुज रावत (33 गेंदों में 49 रन) को मिला।

   मैच में एसेक्स फार्म्स क्रिकेट क्लब के कप्तान कृष यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लिहाजा, प्रोफेशनल मैनेजमेंट क्रिकेट क्लब की टीम ने 16.5 ओवर में 137 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से फाइटर ऑफ द मैच रहे ओपनर अनुज रावत (33 गेंदों में 5 चौके व 3 छक्के, 49 रन) टॉप स्कोरर रहे। आर्यन शर्मा ने 23 रनों का योगदान किया। एसेक्स फार्म्स क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में अमन गोस्वामी (18 रन देकर 4 विकेट) और निर्भय डागर (23 रन देकर 4 विकेट) ने चार-चार विकेट हासिल किए। हर्ष भारद्वाज को दो विकेट मिले।

   जवाब में, 138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसेक्स फार्म्स की टीम ने मात्र 14.1 ओवर में एक विकेट खोकर मैच नौ विकेट से जीत लिया। उसकी ओर से द्वीप गहलोत (45 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्के, नाबाद 73 रन) टॉप स्कोरर रहे। द्वीप और ओपनर काव्य (37 गेंदों में 9 चौके, नाबाद 58 रन) टीम को जीत दिलाकर लौटे। प्रोफेशनल मैनेजमेंट ग्रुप की ओर से अजय अहलावत (23 रन देकर 1 विकेट) अकेले सफल गेंदबाज रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *