October 18, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

चाकारा बने डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के विजेता

  • इस जीत के साथ ही स्पेनिश गोल्फर ‘रेस टू दुबई’ रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गया है

संवाददाता

नई दिल्ली, 18 अक्तूबर 2026: स्पेन के यूजेनियो चाकारा ने रविवार को डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में लोटस ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। यह उनकी डीपी वर्ल्ड टूर के शानदार 2026 सीज़न में अपनी तीसरी जीत रही। ​​इस जीत के साथ ही वह डीपी वर्ल्ड टूर के तहत जारी ‘रेस टू दुबई’ रैंकिंग में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं। रेगुलर सीज़न में अब केवल एक इवेंट बचा है, जिसके बाद अगले महीने अबू धाबी और दुबई में प्ले-ऑफ इवेंट्स होंगे। फिलहाल, चाकारा ‘रेस टू दुबई’ रैंकिंग में पैट्रिक रीड और रोरी मैकलरॉय से आगे चल रहे हैं।

   आज दिल्ली गोल्फ क्लब में संपन्न हुए चार मिलियन अमेरिकी डॉलर के इस टूर्नामेंट में चाकारा ने पैर की उंगली में चोट होने के बावजूद पूरे दिन में 25 होल खेले। उन्होंने तीसरे राउंड के बचे हुए सात होल में तीन बर्डी और एक ईगल के साथ ‘फाइव अंडर’ का स्कोर बनाया। इससे वे फाइनल राउंड की शुरुआत में ही पांच शॉट की बढ़त पर आ गए, जो तीसरे राउंड के खत्म होने के तुरंत बाद शुरू हुआ था। चाकारा ने 67-67-63-70 के राउंड के साथ कुल ’21-अंडर’ का स्कोर हासिल किया, जो 2025 में टॉमी फ्लीटवुड के कुल स्कोर से सिर्फ एक शॉट कम है। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 24 बर्डी और एक ईगल लगाया, जबकि उनके खाते में पांच बोगी भी आईं।

   चकारा से दो शॉट पीछे न्यूज़ीलैंड के डैनियल हिलियर (67) रहे, जो 19-अंडर के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे। हिलियर ने बैक नाइन में शानदार प्रदर्शन करके चकारा पर दबाव बना दिया था और छह शॉट तक पहुंच चुकी बढ़त को घटाकर दो शॉट पर ले आए थे। लेकिन चकारा ने खुद को संभाले रखा और जीत हासिल की।

   खिताबी जीत से बेहद खुश चकारा ने कहा, “यह बहुत बढ़िया है। इतनी कड़ी मेहनत के बाद, पिछले कुछ हफ्तों में मैं जीत के काफी करीब पहुँच गया था। मैं जल्द से जल्द एक जीत हासिल करना चाहता था ताकि रैंकिंग में ऊपर आ सकूँ, और मैंने वाकई बहुत अच्छा खेला।” उल्लेखनीय है कि फ्रांस और स्पेन में अपने पिछले दो टूर्नामेंटों में वे क्रमशः तीसरे और दूसरे स्थान पर रहे थे।

उन्होंने आगे कहा, “आखिरी राउंड काफी मुश्किल था। लगातार तीन दिनों तक सुबह 4 बजे उठना बहुत थका देने वाला होता है। मेरा शरीर साथ नहीं दे रहा था, मैं अच्छा महसूस नहीं कर रहा था। जब आपके पास बड़ी बढ़त होती है, तो स्थिति मुश्किल हो जाती है—आप बहुत ज्यादा जोर नहीं लगाना चाहते, लेकिन जब बाकी खिलाड़ी बर्डी बना रहे हों, तो आपको भी आगे बढ़ना ही पड़ता है।” चाकारा ने अपने पैर की चोट और पीछे से कड़ी चुनौती दे रहे खिलाड़ियों दोनों का डटकर सामना किया और लंबे समय से लीड कर रहे पैट्रिक रीड को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। 

   जैसा कि आप जानते हैं कि 2025 की शुरुआत में चाकारा ने डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में ‘हीरो इंडियन ओपन’ जीतकर डीपी वर्ल्ड टूर पर पहली जीत दर्ज की थी। दिलचस्प बात यह है कि इस साल वे इसी टूर्नामेंट में रनर-अप (दूसरे स्थान पर) रहे थे। टूर्नामेंट की शुरुआत में गुरुवार को खराब मौसम के कारण रुकावट आई थी। रविवार सुबह जब तीसरा राउंड पूरा हुआ, तो चकारा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिना किसी बोगी के 63 का स्कोर बनाया। इसमें सात बर्डी और आखिरी होल पर एक ईगल शामिल था, जिससे उन्हें फाइनल राउंड से पहले पांच शॉट की बढ़त मिल गई।

   फाइनल राउंड की शुरुआत में भी उन्होंने अपने घायल पैर की परवाह किए बिना शानदार खेल जारी रखा। उन्होंने पहले होल पर बर्डी के साथ शुरुआत की और तीसरे होल पर 17 फीट की दूरी से गेंद को होल में डालकर बाकी खिलाड़ियों पर छह शॉट की बढ़त बना ली। वीकेंड पर चाकारा की पहली बोगी छठे होल पर आई, जब उनका ‘पार पुट’ होल के किनारे से टकराकर बाहर निकल गया। हालांकि, नौवें होल पर उन्होंने शानदार तरीके से ‘पार’ बचाया, जिससे उन्हें ‘बैक नाइन में चार शॉट्स की बढ़त मिल गई। इस तरह उन्होंने अपने साथ खेल रहे एंजेल हिडाल्गो को पीछे छोड़ दिया और मुकाबला एक तरह से ‘मैच प्ले’ की स्थिति में आ गया।

   उन्होंने 20 फीट की दूरी से ‘पार’ बचाया, जिससे हिडाल्गो के ऊपर ‘बर्डी पुट’ पर दबाव बढ़ गया। हिडाल्गो इसे पूरा नहीं कर सके, जिससे चकार्रा 20 अंडर के स्कोर पर चार शॉट्स की बढ़त के साथ आगे रहे। चकार्रा ने इस लय को बरकरार रखते हुए 11वें होल पर 17 फीट के पुट से ‘बर्डी’ हासिल की। अगले दो होल्स पर उन्होंने ‘पार’ स्कोर किया, लेकिन 14वें होल पर 13 फीट के ‘बर्डी’ प्रयास से वे मामूली अंतर से चूक गए। उस समय चार होल्स बचे थे और वे हिलियर से तीन शॉट्स आगे थे।

   जब हिलियर ने 18वें होल पर ‘बर्डी’ लगाकर चाकारा की बढ़त को घटाकर दो शॉट्स कर दिया, तब चाकारा ने 16वें होल पर एक शानदार रिकवरी शॉट खेलकर ‘पार’ बचा लिया। टी-शॉट के बाद वे मुश्किल में फंस गए थे, लेकिन उन्होंने बेहतरीन वापसी की। इसी 16वें होल पर उन्हें पहले और दूसरे राउंड में बोगी मिली थी। 17वें होल पर ‘पार’ स्कोर करने के बाद, चकारा ने अपने राउंड का समापन भी ‘पार’ के साथ किया और दो शॉट्स की बढ़त के साथ जीत हासिल की।

चाकारा ने कहा, “मुझे अपने ‘शॉर्ट गेम’ पर बहुत गर्व है, और इस बात पर भी कि मैंने कैसे कड़ी मेहनत की और धैर्य बनाए रखा। मुझे पता है कि मैं क्या कर सकता हूँ। मैं दुनिया के बेहतरीन एमेच्योर खिलाड़ियों में से एक था, और अब मैं दुनिया के सबसे अच्छे पेशेवर खिलाड़ियों में से एक बनना चाहता हूँ। मैं बहुत कड़ी मेहनत करता हूँ और मेरे साथ एक बेहतरीन टीम है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *