October 14, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

वर्तमान हालात में वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 संपन्न कराना होगी चुनौती

  • इसके बावजूद वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस में राजधानी की सड़कों पर दौड़ने के लिए तैयार रिकॉर्ड 41,000 धावक
  • 10 किलोमीटर ओपन दौड़ इस बार जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर वहीं समाप्त होगी जबकि पारंपरिक तौर पर ये दौड़ संसद मार्ग से शुरू होकर जेएलएन स्टेडियम में समाप्त हुआ करती थी
  • डीएमआरसी दौड़ सुबह तड़के 3:30 बजे से दिल्ली मेट्रो की केवल चार लाइनें चला पाएगी, क्योंकि उसके लिए सभी लाइनों संचालन फिलहाल संभव नहीं है

संवाददाता

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर 2026: वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन पर इस बार भारत की राजधानी के हालात का असर पड़ने जा रहा है। दिल्ली की कानून व्यवस्था को देखते हुए हाफ मैराथन और 10 किलोमीटर की दौड़ के रूट में बदलाव किया गया है, जिसकी पुष्टि आयोजक प्रोकेम इंटरनेशनल के संयुक्त प्रबंध निदेशक विवेक सिंह ने की है। बहरहाल, प्रोकेम इंटरनेशनल ने रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को होने वाली दौड़ से पहले ऑनग्राउंड और वर्चुअल श्रेणियों में हिस्सा लेने वाले 41,000 से अधिक प्रतिभागियों के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी। हालांकि डीएमआरसी दौड़ सुबह तड़के दिल्ली मेट्रो की केवल चार लाइनें चला पाएगी, क्योंकि उसके लिए सभी लाइनों संचालन फिलहाल संभव नहीं है।

   इस अवसर पर मेट्रो ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट, ग्रुप हेड-कार्डियक कैथ लैब्स एवं निदेशक तथा वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 के सह-चिकित्सा निदेशक डॉ. समीर गुप्ता; वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट, मेट्रो ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स की संयुक्त प्रबंध निदेशक एवं सह-चिकित्सा निदेशक डॉ. सोनिया लाल गुप्ता; दिल्ली पुलिस (डिफेंस कॉलोनी) के ट्रैफिक इंस्पेक्टर मधुरेंद्र कुमार, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के महाप्रबंधक-कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस महेंद्र यादव, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (जनस्वास्थ्य) डॉ. अंकिता राय और प्रोकेम इंटरनेशनल के संयुक्त प्रबंध निदेशक विवेक सिंह उपस्थित थे।

  • हाफ मैराथन और ओपन 10 किलोमीटर के रूट में बदलाव

जैसे-जैसे दौड़ का दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे आयोजक प्रोकेम इंटरनेशनल ने भी कमर कस ली है और उसने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तैयारियां, बुनियादी ढांचे का आकलन और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय जारी रखा हुआ है। दिल्ली के वर्तमान हालात के मद्देनजर आयोजक प्रोकेम इंटरनेशनल द्वारा अंतिम तैयारियों के तहत हाफ मैराथन के रूट में कुछ मामूली बदलाव किए जा रहे हैं। इस कारण बुधवार को टेक्निकल प्रेस कॉन्फ्रेंस में रूट मैप का अनावरण नहीं हो पाया। 10 किलोमीटर ओपन दौड़ भी अब संसद मार्ग के बजाय जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से सुबह 7:35 बजे शुरू होगी। इस तरह दौड़ के रूट में भी बदलाव के कारण सभी रेस जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होंगी और वहीं समाप्त होंगी।

   इस संबंध में पूछे जाने पर प्रोकेम इंटरनेशनल के संयुक्त प्रबंध निदेशक विवेक सिंह ने बदलाव की पुष्टि की और कहा, “हाफ मैराथन और 10 किलोमीटर ओपन दौड़ के रूट में कुछ मामूली परिवर्तन किया जा रहा है, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत जारी है।” उन्होंने आगे कहा, “वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन अब एक ऐसे आयोजन के रूप में विकसित हो गई है, जिसका प्रभाव खेल से कहीं आगे तक है। मिरांडा हाउस द्वारा किए गए सामाजिक-आर्थिक प्रभाव अध्ययन के अनुसार, इस आयोजन का दिल्ली-एनसीआर पर 400 करोड़ रुपये से अधिक का सामाजिक-आर्थिक प्रभाव पड़ा है। देशभर से प्रतिभागी इसमें हिस्सा लेने आते हैं। इनमें से कई धावक दौड़ से कई दिन पहले पहुंचते हैं और अपने परिवार या दोस्तों के साथ ठहरते हैं। उनकी मौजूदगी से स्थानीय कारोबार, आतिथ्य और खुदरा क्षेत्र को लाभ मिलता है। यह दर्शाता है कि किस तरह कोई खेल आयोजन व्यापक समुदाय के लिए आर्थिक और सामाजिक मूल्य सृजित कर सकता है।”

   दिल्ली पुलिस के डिफेंस कॉलोनी के ट्रैफिक इंस्पेक्टर मधुरेंद्र कुमार ने कहा, “दिल्ली पुलिस वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में प्रत्येक धावक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हम पिछले डेढ़ महीने से आयोजनकर्ताओं के साथ मिलकर रेस के दिन की तैयारियां कर रहे हैं। सुचारू यातायात और पूरे रूट पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगभग 200 पुलिसकर्मियों के साथ 70 से 80 यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। हम आयोजन के हर चरण में मौजूद रहेंगे, ताकि आयोजकों को सहयोग दिया जा सके और दौड़ सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो।”

  • केवल चार चुनिंदा लाइनों पर ही दिल्ली मेट्रो चला पाएगी डीएमआरसी

दौड़ के दिन प्रतिभागी वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के लिए कमर कर रहे हैं, लेकिन आयोजन स्थल तक पहुंचना उनके लिए हमेशा की तरह इस बार भी चुनौती होगी। हालांकि सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को 18 अक्टूबर 2026 को दिल्ली मेट्रो में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) आगामी रविवार को सुबह 3:30 बजे से चार प्रमुख कॉरिडोर पर अपनी सेवाएं शुरू करेगा। इनमें लाइन-1 (रेड लाइन), लाइन-2 (येलो लाइन), लाइन-3/4 (ब्लू लाइन) और लाइन-6 (वायलेट लाइन) शामिल हैं। सुबह 4:15 बजे तक मेट्रो ट्रेनें 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी।

   जब डीएमआरसी के महाप्रबंधक-कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस महेंद्र यादव से सवाल पूछा गया कि इस प्रतिष्ठित दौड़ के लिए सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेन क्यों नहीं चलाई जा रही है, तो उनका जवाब था, “यह काम आसान नहीं है, क्योंकि चार कॉरिडोर के संचालन के लिए ही हम दो महीनों से मशक्कत कर रहे हैं।” उन्हें इस संवाददाता ने 2023 के संस्करण के दौरान दिल्ली मेट्रो द्वारा सभी लाइनों के संचालन के बारे में अवगत कराया और सभी लाइनें चलाने का सुझाव दिया। इस पर उन्होंने कहा, “अगली बार इस पार विचार किया जाएगा।” बहरहाल, उन्होंने बताया, “दिल्ली मेट्रो प्रतिभागियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए हम चार प्रमुख लाइनों-रेड, येलो, ब्लू और वायलेट पर सुबह 3:30 बजे से सेवाएं शुरू करेंगे। सुबह 4:15 बजे तक ट्रेनें 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी, जिसके बाद सुबह 6 बजे तक 20 मिनट के अंतराल पर सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी। ये व्यवस्थाएं रेस के दिन सुचारू अनुभव सुनिश्चित करने के साथ-साथ आयोजन स्थल के आसपास सड़कों पर यातायात का दबाव कम करेंगी।”

  • रूट और स्टेडियम परिसर में सुविधाएं

आयोजन के हाइड्रेशन पार्टनर और भारत के प्रमुख पैकेज्ड पेयजल ब्रांड बिसलेरी की ओर से धावकों के लिए रूट पर पानी और जलयोजन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके तहत 12 वाटर स्टेशन, नौ री-हाइड्रेशन स्टेशन और तीन मिस्ट जोन बनाए जाएंगे। इसके अलावा धावकों का उत्साह बढ़ाने के लिए आठ चीयरिंग जोन होंगे। रन क्लब के वालंटियर रूट पर इन स्टेशनों के संचालन और धावकों की सहायता के लिए मौजूद रहेंगे। रेड बुल का एक स्टेशन भी रूट पर बनाया जाएगा, जहां धावकों को एनर्जी प्रदान करने के साथ-साथ रेस के दिन के उत्साह और रोमांच को बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

   पूरे रूट पर कुल 12 प्रेरणा जोन बनाए जाएंगे। यहां प्रायोजकों, नौसेना बैंड, दिल्ली ड्रमर्स सर्किल और यूथ फॉर सर्विस समूहों की ओर से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य दौड़ के दौरान प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाना और उन्हें लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना होगा। स्टेडियम परिसर के भीतर 21 किलोमीटर और 10 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागियों के लिए होल्डिंग एरिया में दो वाटर स्टेशन होंगे। फिनिश लाइन के बाद और रिफ्रेशमेंट क्षेत्र में दो वाटर स्टेशन होंगे।

  • मेट्रो ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स की ओर से चिकित्सा सुविधाएं

आयोजन के चिकित्सा साझेदार मेट्रो ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स की ओर से धावकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए व्यापक चिकित्सा व्यवस्था की जाएगी। रूट पर 11 मेडिकल स्टेशन होंगे। फिनिश लाइन के बाद आईसीयू सुविधा से युक्त एक मेडिकल बेस कैंप लगाया जाएगा। होल्डिंग एरिया में दो चिकित्सा स्टेशन और रिफ्रेशमेंट क्षेत्र के बाद एक मेडिकल स्टेशन बनाए गए हैं। 25 मेडिकल स्पॉटर, जो जरूरतमंद धावकों की पहचान कर सकेंगे। बाइक पर तैनात नौ चिकित्सा कर्मी पूरे रूट की निगरानी रखेंगे। कुल 450 चिकित्सा कर्मियों की तैनाती जाएगी। चिकित्सा संबंधी आपात स्थितियों से निपटने के लिए 12 एसीएलएस (एडवांस्ड कार्डियक लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस और तीन गोल्फ कार्ट तैनात किए जाएंगे।

   मेट्रो ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट, ग्रुप हेड-कार्डियक कैथ लैब्स, निदेशक और वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 के सह-चिकित्सा निदेशक डॉ. समीर गुप्ता ने कहा, “41,000 धावकों की भागीदारी को देखते हुए उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लगातार पांचवें वर्ष हमारी चिकित्सा टीम ने व्यापक इंतजाम किए हैं और पूरे रूट पर 450 चिकित्सा कर्मियों को तैनात किया जाएगा। हम अपने सभी साझेदारों और चिकित्सा टीमों के आभारी हैं, जो प्रत्येक धावक की सुरक्षित दौड़ सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।”

  • 100 प्रतिशत वेस्ट मैनेजमेंट वाला आयोजन

वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन (वीडीएचएम) 2026 टिकाऊ विकास और 100 प्रतिशत कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार आयोजन प्रबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए इस आयोजन को विश्व एथलेटिक्स से ब्रॉन्ज प्लेट स्तर की मान्यता मिली है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (जनस्वास्थ्य) डॉ. अंकिता राय ने कहा, “वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन केवल एक दौड़ नहीं है, बल्कि स्वच्छ, हरित और अधिक टिकाऊ दिल्ली के निर्माण का एक अभियान है। एनडीएमसी आयोजन की शुरुआत से ही इससे जुड़ी हुई है और प्रोकेम इंटरनेशनल के साथ मिलकर रेस से पहले, उसके दौरान और बाद में जिम्मेदार कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है। जैविक कचरे से खाद बनाने और प्लास्टिक के पुनर्चक्रण से लेकर बचे हुए पानी का पौधों की सिंचाई में दोबारा इस्तेमाल करने तक, हमारे प्रयास आयोजन से कहीं आगे तक जाते हैं। विश्व एथलेटिक्स की ओर से ‘एथलेटिक्स फॉर ए बेटर वर्ल्ड’ के तहत ब्रॉन्ज स्तर की मान्यता मिलना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हमें ऐसे आयोजन में योगदान देने पर गर्व है, जिसमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को सर्वोच्च महत्व दिया जाता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *