October 5, 2026

sajwansports

sajwansports पर पड़े latest sports news, India vs England test series news, local sports and special featured clean bold article.

हार्दिक सिंह और सलीमा टेटे बने वर्ष 2023 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, मिली बलबीर सिंह सीनियर ट्रॉफी

  • हॉकी इंडिया ने सितारों और दिग्गजों को सम्मानित किया
  • पूर्व हॉकी स्टार अशोक कुमार को मिला प्रतिष्ठित हॉकी इंडिया मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

संवाददाता

नई दिल्ली, 31 मार्च 2024: हॉकी इंडिया ने पूर्व हॉकी स्टार अशोक कुमार को प्रतिष्ठित हॉकी इंडिया मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड सम्मानित किया जबकि हार्दिक सिंह और सलीमा टेटे को क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग में वर्ष 2023 का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना, जिसके लिए दोनों को हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार से सम्मानित किया। बहुप्रतीक्षित हॉकी इंडिया छठा वार्षिक पुरस्कार 2023 समारोह का आयोजन रविवार को नई दिल्ली में हुआ, जिसमें हॉकी इंडिया ने भारत के सर्वश्रेष्ठ हॉकी सितारों, अधिकारियों और खेल के दिग्गजों को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। इस वर्ष, हॉकी इंडिया 6वें वार्षिक पुरस्कार 2023 में कुल पुरस्कार राशि 7.56 करोड़ रुपये थी, जो अभूतपूर्व है। 

   पुरस्कार समारोह का उद्घाटन करते हुए हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोला नाथ सिंह ने सम्मानित अतिथियों, गणमान्य व्यक्तियों और हॉकी सितारों का गर्मजोशी से स्वागत किया। भोला नाथ सिंह ने कहा, “हॉकी इंडिया में यह हमेशा हमारे लिए एक शानदार अवसर होता है, जब हम एक ही छत के नीचे इकट्ठा होते हैं और उन सभी का जश्न मनाते हैं जो पिछले एक साल में हमारे प्रिय खेल को इसके जबरदस्त विकास में मदद करने के लिए जिम्मेदार रहे हैं। मैं सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों और सहयोगी कर्मचारियों को उनकी अद्वितीय शक्ति, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता की निरंतर खोज के लिए बधाई देता हूं, जिसके कारण भारतीय हॉकी नई ऊंचाइयों पर पहुंच गई है। मैं सभी नामांकित व्यक्तियों और विजेताओं को उनके अमूल्य योगदान के लिए बधाई देता हूं, और साथ ही खेल के हमारे प्रिय दिग्गजों को उनकी उपस्थिति और हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनने के लिए धन्यवाद देता हूं, क्योंकि हम हॉकी के खेल के लिए एक और महत्वपूर्ण वर्ष में आगे बढ़ रहे हैं। हॉकी इंडिया खेल को और आगे बढ़ाने के लिए अविश्वसनीय कदम उठा रहा है और हम आज फिर से पुष्टि करना चाहते हैं कि हम जल्द ही दोनों टीमों के लिए हॉकी इंडिया लीग शुरू करेंगे, जिसमें आठ पुरुष टीमें और छह महिला टीमें होंगी। हमारा लक्ष्य अगले साल जनवरी तक इसे लॉन्च करना है।”

 

  समारोह की शुरुआत माइलस्टोन अवार्ड्स 2023 से हुई, जिसमें विवेक सागर प्रसाद, हार्दिक सिंह, नीलकांत शर्मा, सुमित, कृष्ण बहादुर पाठक, उदिता, सलीमा टेटे और गुरजंत सिंह ने 100-100 अंतर्राष्ट्रीय कैप पूरे करने पर 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक ट्रॉफी जीती। निक्की प्रधान, अमित रोहिदास, ललित कुमार उपाध्याय और नेहा को भी 150 अंतर्राष्ट्रीय कैप पूरे करने पर 1.5 लाख रुपये और एक ट्रॉफी प्रदान की गई।

   भारतीय हॉकी टीम के डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह को 200 अंतर्राष्ट्रीय कैप पूरे करने पर 2 लाख रुपये और एक ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता को 250वीं अंतर्राष्ट्रीय कैप अर्जित करने पर 2.5 लाख रुपये और एक ट्रॉफी प्रदान की गई। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश को 300वीं अंतर्राष्ट्रीय कैप अर्जित करने पर 3 लाख रुपये और एक ट्रॉफी प्रदान की गई। पिछले साल, वंदना कटारिया को अपना 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने पर 3 लाख रुपये और एक ट्रॉफी प्रदान की गई। भारत के लिए 350 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने के लिए मनप्रीत सिंह को 3.5 लाख रुपये और एक ट्रॉफी का अंतिम माइलस्टोन  पुरस्कार दिया गया।

   व्यक्तिगत उपलब्धि पुरस्कारों की दूसरी श्रेणी में दीपिका, मोहित एच एस, अन्नू, अंजलि बरवा, मनिंदर सिंह, दीपिका सोरेंग, मंदीप सिंह, सलीमा टेटे, संगीता कुमारी, हरमनप्रीत सिंह को विभिन्न टूर्नामेंटों में उनके शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए 1- 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक ट्रॉफी प्रदान की गई। स्टार अवार्ड्स 2023 में एफआईएच गोलकीपर ऑफ द ईयर से सम्मानित सविता को 5 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया, जबकि स्टार अवार्ड्स 2023 में एफआईएच प्लेयर ऑफ द ईयर से सम्मानित हार्दिक सिंह को 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। 

    उत्तर प्रदेश हॉकी जूनियर विश्व कप पुरुष लखनऊ 2016 की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम को सम्मानित किया गया, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी को ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिला। पुरुष जूनियर एशिया कप 2023 सलालाह (ओमान) की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम और महिला जूनियर एशिया कप 2023, काकामिगाहारा (जापान) की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम को भी सम्मानित किया गया। इसके प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और सहयोगी स्टाफ के सभी सदस्यों को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

   पुरुष हॉकी 5-ए-साइड एशिया कप सलालाह 2023 के लिए स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम और महिला हॉकी 5-ए-साइड एशिया कप सलालाह 2023 के लिए स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम को समारोह में सम्मानित किया गया। इसके  प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और सहयोगी स्टाफ के सभी सदस्यों को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

 

  हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी चेन्नई 2023 की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम और झारखंड महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी रांची 2023 की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम को भी प्रत्येक खिलाड़ी के लिए 3 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के सभी सदस्यों को 1.5 लाख रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया।

   भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 19वें एशियाई खेल हांग्जो 2022 (चीन) में स्वर्ण पदक जीतने के लिए भी सम्मानित किया गया, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी को 5 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 2.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम को प्रत्येक खिलाड़ी के लिए 3 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये दिए गए।इसी तरह एफआईएच हॉकी 5s महिला विश्व कप 2024 मस्कट ओमान की रजत पदक विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम को प्रत्येक खिलाड़ी के लिए 3 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के सभी सदस्यों को 1.5 लाख रुपये दिए गए।

   इस बीच, वर्ष 2023 के लिए हॉकी इंडियन वार्षिक पुरस्कार श्रेणियों की अंतिम श्रेणी की शुरुआत हॉकी हरियाणा द्वारा हॉकी इंडिया बेस्ट मेंबर यूनिट ऑफ द ईयर अवार्ड 2023 जीतने के साथ हुई, जिसमें 2.5 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। वर्ष 2023 के अंपायर/अंपायर मैनेजर के लिए हॉकी इंडिया प्रेसिडेंट अवार्ड जी हर्षवर्धन को 2.5 लाख रुपये के पुरस्कार के साथ प्रदान किया गया। वर्ष 2023 के तकनीकी अधिकारी के लिए 2.5 लाख रुपये की कीमत का हॉकी इंडिया प्रेसिडेंट अवॉर्ड सोनिया बाथला को प्रदान किया गया। इसी तरह उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए 5 लाख रुपये की कीमत वाला हॉकी इंडिया प्रेसिडेंट अवार्ड-सेल हॉकी अकादमी, राउरकेला को प्रदान किया गया। अमूल्य योगदान के लिए हॉकी इंडिया जमन लाल शर्मा पुरस्कार 2023 डॉ. विभु कल्याण नायक को प्रदान किया गया। उन्हें एक ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।

   पुरस्कार समारोह में पीआर श्रीजेश ने गोलकीपर ऑफ द ईयर के लिए प्रतिष्ठित हॉकी इंडिया बलजीत सिंह पुरस्कार जीता, जिसमें उन्हें 5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक ट्रॉफी मिली। पूरे साल अपने लगातार प्रदर्शन के लिए, हरमनप्रीत सिंह ने डिफेंडर ऑफ द ईयर के लिए हॉकी इंडिया परगट सिंह पुरस्कार जीता, जिसमें उन्हें 5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक ट्रॉफी मिली। हार्दिक सिंह ने मिडफील्डर ऑफ द ईयर के लिए हॉकी इंडिया अजीत पाल सिंह पुरस्कार जीता, जबकि अभिषेक ने फॉरवर्ड ऑफ द ईयर के लिए प्रतिष्ठित हॉकी इंडिया धनराज पिल्ले पुरस्कार जीता, जिसमें दोनों ने 5 लाख रुपये और एक ट्रॉफी जीती।

   समारोह में भावी पीढ़ी को भी सम्मानित किया गया। इसमें युवा दीपिका सोरेंग ने अपकमिंग प्लेयर ऑफ द ईयर (महिला – अंडर 21) के लिए हॉकी इंडिया असुंता लाकड़ा पुरस्कार जीता, जिसके तहत उन्हें 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक ट्रॉफी मिली। इसी तरह अरिजीत सिंह हुंडल को अपकमिंग प्लेयर ऑफ द ईयर (पुरुष – अंडर 21) के लिए हॉकी इंडिया जुगराज सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसमें उन्हें 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक ट्रॉफी मिली।

   हार्दिक सिंह और सलीमा टेटे ने क्रमश पुरुष और महिला वर्ग में हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ द ईयर अवार्ड जीता, जिसके लिए प्रत्येक को 25-25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक ट्रॉफी मिली। हार्दिक सिंह ने कहा, “प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। यह वास्तव में हमारी टीम द्वारा पिछले एक साल में दिखाई गई कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मैं सभी का उनके समर्थन के लिए आभारी हूं और मैं इस सम्मान को सही साबित करने के लिए आने वाले साल में और भी कड़ी मेहनत करना जारी रखूंगा।”

    सलीमा टेटे ने अपनी जीत पर कहा, “मैं अपने साथियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ को मुझ पर भरोसा दिखाने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं। मेरे लिए हर बार बहुत गर्व की बात होती है जब मैं भारतीय जर्सी पहनती हूं और देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए मैदान पर उतरती हूं। यह पुरस्कार मुझे हर दिन और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा ताकि मैं देश को गौरवान्वित कर सकूं।” 

   समारोह का समापन हॉकी इंडिया द्वारा अशोक कुमार की उपलब्धियों का जश्न मनाने के साथ हुआ, जिसमें इस भारतीय दिग्गज को प्रतिष्ठित हॉकी इंडिया मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया, जिसके तहत उन्हें 30 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक ट्रॉफी दी गई। 

हॉकी इंडिया के 6वें वार्षिक पुरस्कार 2023 के प्रमुख विजेता:-

हॉकी इंडिया बलजीत सिंह पुरस्कार गोलकीपर ऑफ द ईयर -(5,00,000 रुपये) – विजेता: पीआर श्रीजेश

हॉकी इंडिया परगट सिंह पुरस्कार डिफेंडर ऑफ द ईयर -(5,00,000 रुपये) – विजेता: हरमनप्रीत सिंह

हॉकी इंडिया अजीत पाल सिंह पुरस्कार मिडफील्डर ऑफ द ईयर – (5,00,000 रुपये) – विजेता: हार्दिक सिंह

हॉकी इंडिया धनराज पिल्ले अवार्ड फॉर फॉरवर्ड ऑफ द ईयर (5,00,000 रुपये) – विजेता: अभिषेक

हॉकी इंडिया असुंता लाकड़ा अवार्ड फॉर अपकमिंग प्लेयर ऑफ द ईयर (महिला – अंडर 21) – (10,00,000 रुपये) – विजेता: दीपिका सोरेंग

हॉकी इंडिया जुगराज सिंह अवार्ड फॉर अपकमिंग प्लेयर ऑफ द ईयर (पुरुष – अंडर 21) – (10,00,000 रुपये) –  विजेता: अरिजीत सिंह हुंडल

हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर अवार्ड फॉर प्लेयर ऑफ द ईयर (महिला) – (25,00,000 रुपये) -विजेता: सलीमा टेटे

हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर अवार्ड फॉर प्लेयर ऑफ द ईयर (पुरुष) (25,00,000 रुपये) – विजेता: हार्दिक सिंह

हॉकी इंडिया मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड (30,00,000 रुपये) -विजेता: अशोक कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Suspected Malware | Cloudflare

Warning

Suspected Malware

This website has been reported for potentially distributing malware.

Malware is malicious software created to intentionally disrupt the normal operations of a device.

Learn More